Durgapur में भीषण अग्निकांड में जलकर राख हुआ घर, सो रहे व्यक्ति की मौत

 


दुर्गापुर :- दुर्गापुर शहर के फरीदपुर ब्लॉक स्थित गोगाला पंचायत के राशिकडांगा बाउरी पाड़ा में एक अत्यंत दुखद घटना घटी। यहाँ एक गरीब परिवार का कच्चा घर अचानक आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को घेर लिया और घर में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। इस भयावह अग्निकांड में 60 वर्षीय आसिष बाउरी नामक एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई।

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, आसिष बाउरी रात का भोजन करने के बाद अपने कच्चे घर में सो रहे थे। देर रात अचानक उनके घर से आग की लपटें उठती दिखाई दीं। आग की भयावहता देखकर आसपास के लोग तुरंत हरकत में आए और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। कुछ लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को भी इस घटना की सूचना दी। हालांकि, आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक दमकलकर्मी मौके पर पहुंचते, तब तक आसिष बाउरी का पूरा घर जलकर राख हो चुका था। आग में बुरी तरह से झुलसे हुए आसिष को स्थानीय लोगों ने तुरंत दुर्गापुर के महकमा अस्पताल पहुंचाया। लेकिन दुर्भाग्यवश, अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक आसिष बाउरी एक दिहाड़ी मजदूर थे और अपनी मेहनत-मजदूरी से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है स्थानीय तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। उन्होंने हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया है।

Post a Comment

0 Comments