Durgapur में भयानक विस्फोट से दहला इलाका, युवक बुरी तरह झुलसा

Durgapur News 


दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- बुधवार को दुर्गापुर इस्पात नगरी में एक भयानक विस्फोट हुआ, जिसमें सजल देबनाथ (30) नामक एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे दुर्गापुर महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना से दुर्गापुर थाना क्षेत्र के स्टील टाउनशिप के न्यूटन के 17 नंबर स्ट्रीट में दहशत फैल गई। मौके पर दुर्गापुर थाने की भारी पुलिस बल तैनात है।

 सूत्रों के अनुसार, सजल देबनाथ 7 नंबर स्ट्रीट के एक मिट्टी के घर में रहता था। उसी घर से तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। स्थानीय लोग तुरंत दौड़कर आए और सजल को दर्द से कराहते हुए देखा। पुलिस को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों और दुर्गापुर थाने की पुलिस ने मिलकर सजल को पहले दुर्गापुर इस्पात अस्पताल, फिर शोभापुर के एक निजी मेडिकल कॉलेज अस्पताल और अंत में दुर्गापुर महकमा अस्पताल पहुंचाया।

घटनास्थल पर पहुंचे 1 नंबर ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष राजीव घोष ने कहा, पहले हमने सुना कि इन्वर्टर में विस्फोट हुआ है। लेकिन यहां आकर देखा तो बारूद का मसाला पड़ा हुआ है। हालांकि, हम विस्फोट के कारण को समझ नहीं पा रहे हैं। घायल युवक के पिता, धीरेन देबनाथ, इलाके के एक जाने-माने रसोइया थे। उनके बेटे सजल को गंभीर हालत में दुर्गापुर महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस विस्फोट के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

आसनसोल दुर्गापुर पुलिस आयुक्तालय के एसीपी दुर्गापुर सुबीर राय ने बताया, वह लड़का बारूद से कुछ प्रयोग कर रहा था, तभी उसमें आग लग गई। उसी आग में वह झुलस गया है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घर के चारों ओर बैरिकेड लगा दिए गए हैं। बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया है। पूरी घटना की गहन जांच शुरू कर दी गई है।


Post a Comment

0 Comments