पानागढ़ बाजार में दुर्गा पूजा का लाइटिंग गेट भरभराकर गिरा, आधा दर्जन लोग घायल



दुर्गापुर :- दुर्गापुर के कांकसा थाना क्षेत्र के पानागढ़ बाजार में लाइट लगाने के लिए बनाया गया बांस का ढांचा अचानक सड़क पर गिर गया। इस घटना में करीब 6 लोग घायल हो गये। यह घटना गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे की है। इस घटना को लेकर पूरे इलाके में अफरा तफरी मच गई। 




घटना के बारे में बताया जाता हैं कि पानागढ़ बाजार में पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक क्लब के द्वारा कई गेट बनाये गये थे। बांस के गेट पर लाइट लगाने का काम चल रहा था। उसी समय अचानक बांस का ढांचा ध्वस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पानागढ़ बाजार में मित्र संघ क्लब द्वारा आयोजित दुर्गापूजा को लेकर बस का ऊंचा ढांचा बनाया गया था जिस पर लाइट लगाने का कार्य चल रहा था। बांस का यह गेट एक तरफ झुक गया था और उसके नीचे से राहगीर आवाजाही कर रहे थे। गन्ना जूस विक्रेता उत्तम गोराई ने बताया कि जैसे ही उनकी नजर बांस के गेट पर पड़ी तो उन्होंने जोर से आवाज़ लगाई। लेकिन तब तक गेट गिर चुका था और उसकी चपेट में आने से 6 लोग घायल हो गए। इनमें एक महिला भी शामिल है। एक साइकिल सवार भी उसके नीचे दब गया था। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि बांस का गेट निर्माण करने में लापरवाही बरती गई थी। सही तरीके से सभी बांस रस्सी से बांधे नहीं गए थे। यही वजह है कि पूरा गेट भरभराकर गिर गया। 


हादसे की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पानागढ़ बाजार में सड़क के ऊपर बांस का ढांचा गिरने से यातायात बाधित हो गया।

Post a Comment

0 Comments