CM Mamta Banerjee ने किया दुर्गापुर बैराज का निरीक्षण, DVC पर फिर जताई नाराजगी



दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- डीवीसी द्वारा पानी छोड़े जाने को लेकर राज्य सरकार के साथ चल रही तनातनी के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार की शाम दुर्गापुर बैराज का दौरा किया। पूर्व बर्दवान में प्रशासनिक बैठक करने के बाद लौटते समय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दुर्गापुर बैराज पहुंची। जहां उन्होंने बैराज के जलस्तर के बारे में खोज खबर ली। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बांकुड़ा जिले के बरजोड़ा स्थित एक यूथ हॉस्टल पहुंची। जहां बाढ़ प्रभावित इलाके के लोगों ने शरण ले रखी है। इस दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राहत शिविर में रह रहे लोगों के बीच राहत सामग्री वितरण की। इस मौके पर राज्य के मंत्री मलय घटक, मंत्री प्रदीप मजूमदार, बांकुड़ा के सांसद अरूप चक्रवर्ती, पश्चिम बर्दवान जिला तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष व विधायक नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती समेत तमाम प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। 




राहत शिविर का दौरा करने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मीडिया कर्मियों से रूबरू हुई। जहां उन्होंने एक बार फिर डीबीसी द्वारा पानी छोड़े जाने के मुद्दे पर खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि दुर्गापुर बैराज का निरीक्षण करने के दौरान उन्होंने देखा कि डीवीसी द्वारा छोड़े गए पानी का स्रोत अभी भी काफी तेज है। उन्होंने डीवीसी पर निशाना साधते हुए कहा कि और कितने लोगों को बाढ़ के पानी में डुबाया जाएगा पता नहीं है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने निर्देश दिया कि जब तक हालात स्वाभाविक नहीं हो जाते हैं तब तक राहत शिविरों में रह रहे लोगों को हर संभव सरकारी सहायता प्रदान की जाएगी। 


एक बार फिर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से सोमवार की शाम से बारिश हो रही है। बारिश के बीच ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुर्गापुर बैराज का निरीक्षण किया और राहत शिविर में भी पहुंच कर लोगों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने डीवीसी के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि एक बार फिर से बारिश हो रही है। ऐसे में अगर डीवीसी द्वारा फिर से पानी छोड़ा जाता है तो बाढ़ प्रभावित जिन इलाकों से पानी धीरे-धीरे नीचे उतर रहा है वहां फिर बाढ़ की स्थिति गंभीर हो सकती है।

Post a Comment

0 Comments