रानीगंज में ज्वेलरी शोरूम में डकैती कर भाग रहे डकैतों ने आसनसोल में की फायरिंग, दो लोग घायल



आसनसोल :- रानीगंज शहर के एनएसबी रोड स्थित सेंको गोल्ड एंड डायमंड ज्वेलरी शॉप में डकैती कर भाग रहे डकैतों ने आसनसोल में भी जमकर फायरिंग की। आसनसोल के मोहिशीला कॉलोनी के चक्रवर्ती मोड़ के पास डकैतों द्वारा एक कार छिनतई करने की कोशिश की गई और इस दौरान गोली भी चलाई गई। गोली लगने से नयन दत्त समेत दो लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए तुरंत आसनसोल जिला अस्पताल ले जाया गया। 



दरअसल रानीगंज में डकैती कर भागने के दौरान पुलिस के साथ डकैतों की मुठभेड़ हो गई। जामुड़िया के श्रीपुर पुलिस फाड़ी के प्रभारी मेघनाथ मंडल ने डकैतों को घेरने का प्रयास किया। इस दौरान गोली लगने से एक डकैत गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल हुए डकैत को उसके साथी लेकर भागने की कोशिश कर रहे थे। आसनसोल में डकैतों ने एक कार छिनतई करने की कोशिश की। विरोध करने पर डकैतों ने यहां भी गोली चला दी। गोली लगने से दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने डकैतों की एक बाइक बरामद कर ली है। घटना के बारे में गोली लगने से घायल हुए नयन दत्त ने बताया कि वह एक अनुष्ठान में शामिल होने के लिए परिवार के साथ कर में सवार होकर जा रहे थे। इस दौरान चार लोगों ने उनकी कार को रोक दी और कहा कि उनके एक साथी को अस्पताल लेकर जाना है। इस दौरान उन लोगों ने हथियार का भय दिखाकर उनके परिवार के सदस्यों को जोर जबरदस्ती कार से बाहर निकाल दिया। इस दौरान उन्होंने गोली भी चलाई। एक गोली जाकर उनके पांव में लगी। इसके अलावा और एक व्यक्ति घायल हुए हैं।



 शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल हुए डकैत को लेकर उसके साथी फरार हो रहे थे और रास्ते भर खून टपक रहा था। संभवत इसलिए डकैतों ने कार छिनतई करने की कोशिश की। जिससे कि वह अपने घायल हुए साथी को इलाज के लिए अस्पताल ले जा सके और खुद भी आसानी से फरार हो सके।

Post a Comment

0 Comments