कादा रोड रेड लाइट एरिया में देह व्यापार के लिए लाई गई किशोरी बरामद, महिला समेत 3 गिरफ्तार



दुर्गापुर :- दुर्गापुर के कादा रोड इलाके के रेड लाइट एरिया में देह व्यापार के लिए लाई गई एक नाबालिक किशोरी को बरामद किया गया। ये किशोरी बांग्लादेश की रहने वाली बताई जा रही है और दलालों के चंगुल में फंसकर रेड लाइट एरिया में पहुंच गई। दुर्गापुर दुर्बार महिला समन्वय समिति की सदस्यों ने किशोरी को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए रेड लाइट एरिया में उस किशोरी को जिस महिला के घर में रखा गया था उसे हिरासत में ले लिया। इतना ही नहीं पानागढ़ इलाके से और दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। 




पुलिस अब किशोरी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह बांग्लादेश से किस तरह से सीमा पार कर भारत में दाखिल हुई थी और फिर रेड लाइट एरिया में पहुंची। इतना ही नहीं किशोरी को देह व्यापार के दलदल में धकेलने की फिराक में लगे दलालों की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही हैं। 


सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, उस किशोरी को एक दलाल कादा रोड इलाके के रेड लाइट एरिया में लेकर पहुंचा था और उसे यहां देह व्यापार के लिए बेचने की फिराक में था। किशोरी को देखकर दुर्बार महिला समिति की सदस्यों को शक हुआ और उसे कार्यालय में ले जाकर पूछताछ की गई तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। ऐसे में किशोरी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।


 शुरुआती जांच में यह खुलासा हुआ है की नाबालिक किशोरी मूल रूप से बांग्लादेश की रहने वाली है। दलाल के चंगुल में फंसकर पहले वह दुर्गापुर के पानागढ़ पहुंची थी। फिर उसे रेड लाइट एरिया में लाकर देह व्यापार करवाने की योजना थी। पुलिस ने त्वरित जांच के बाद सबसे पहले उस महिला को गिरफ्तार किया, जिसने नाबालिग को रेड लाइट एरिया में देह व्यापार में लिप्त महिला के घर में रखा था। उससे पूछताछ के बाद कांकसा थाना क्षेत्र के पानागढ़ से दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए तीनों लोगों को मंगलवार दुर्गापुर सब-डिविजनल कोर्ट में पेश किया गया। गिरफ्तार लोगों को अदालत ने पुलिस हिरासत में भेज दिया। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नर रेट के एसीपी ईस्ट तथागत पांडेय ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। 


दुर्बार महिला समन्यव समिति की सचिव रानी राय ने कहा कि हम लोगों की हमेशा से कोशिश रहती है कि किसी नाबालिग लड़की से जबरन देह व्यापार न कराया जाए। जब भी ऐसा कोई मामला सामने आता है तो दुर्बार समिति तुरंत कार्रवाई करती हैं।

Post a Comment

0 Comments